Thursday, 21 June 2012
मुलायम को भाजपा का एजेंट कहने पर बिफरी सपा
समाजवादी पार्टी ने मुलायम सिंह यादव
को भाजपा का एजेंट कहने वाले कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता
राशिद अल्वी के बयान की कड़ी आलोचना की है।
सपा नेता शाहिद सिद्दीकी ने पत्रकारों को बताया कि यह एक गैर जिम्मेदाराना बयान है। कांग्रेस को राशिद अल्वी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। हालांकि उन्होंने साफ किया कि राष्ट्रपति चुनाव में यूपीए प्रत्याशी प्रणब मुखर्जी के समर्थन पर इससे कोई असर नहीं पड़ेगा। बुधवार देर रात खोखरियान में जनसभा के दौरान राशिद अल्वी ने मुलायम सिंह को भाजपा का एजेंट बताया था। राशिद अल्वी ने सपा और भाजपा को एक ही सिक्के के दो पहलू करार दिया। हालांकि कांग्रेस ने राशिव अल्वी के विवादास्पद बयान से पल्ला झाड़ते हुए कहा है कि पार्टी को ऐसे बयान स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस हमेशा से ही धर्मनिरपेक्ष ताकतों के साथ रही है और इसी एकता के साथ हमें आगे बढ़ना चाहिए। डॉ. सादिक के समर्थन में आयोजित नुक्कड़ सभा में उन्होंने कहा कि अब देखना है कि प्रदेश की सपा सरकार आप लोगों के लिए कितना काम करती है। मुलायम सिंह ने भी वोट के लिए कई बार अपनी विचारधारा से समझौता किया। पिछले चुनाव में कल्याण सिंह को माफ कर दिया। जो कौम ताकतवर नहीं होती है वो अपनी पहचान खो देती है। उन्होंने कहा आप सभी अपनी ताकत को पहचाने और कांग्रेस के प्रत्याशी का जिताएं। विकास के लिए जोर हम लगाएंगे। भाजपा के रहते आप लोगों का भला कभी नहीं हो सकता। कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं। लेकिन भाजपा को अपने मुख्यमंत्रियों के भ्रष्टाचार दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि फिराकपरस्तों से देश को बहुत नुकसान हुआ है। वक्त आ गया है कि उन्हें पहचानकर सबक सिखाया जाए। कांग्रेस ही एक पार्टी है जो देश को विकास के रास्ते पर ले जा सकती है। |
सात लाख में मिलता है सेक्स पावर बढ़ाने वाला कीड़ा
माचिस की डिबिया में समाने और साधारण
से दिखने वाले कीड़े की कीमत सात से आठ लाख रुपये तक हो सकती है, यकीन
नहीं होता लेकिन यह सच है। इसे देखना हो तो बद्रीनाथ धाम के रास्ते पड़ने
वाले जोशीमठ की तरफ आइए। इस कीड़े के बेशकीमती होने के पीछे यौन शक्ति
बढ़ाने में इसकी अद्भुत उपयोगिता है।
यौन शक्तिवर्धक दवा बनाने के लिए उत्तराखंड के वन्य जीवों के अंगों के साथ ही इस कीड़े की अंतरराष्ट्रीय बाजार में सबसे ज्यादा मांग है। राज्य के ठंडे पहाड़ी क्षेत्रों में उगने वाली जड़ी-बूटियों की मांग से जुड़ा यह एक चमत्कारिक पहलू है। चमोली जिले के जोशीमठ, दशोली और घाट क्षेत्रों के बुग्याली हिस्सों में कीड़ा जड़ी यानी कीड़े के मरने से बनने वाली जड़ी के ऊंचे दाम मिलने के कारण यहां इनका जमकर दोहन हो रहा है। अब तस्करों की निगाह इसके जिंदा कीड़े पर लग गई है। तस्कर एक कीड़े के सात लाख रुपये तक दे रहे हैं। तस्कर बुग्याली क्षेत्र जैसा तापमान बनाए रखने के लिए आइस बॉक्स लेकर आ रहे हैं, जिसमें वे कीड़े रखकर ले जा रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि कीड़ा जड़ी का कीड़ा बुग्याली क्षेत्र के बाहर के तापमान में जिंदा नहीं रह सकता। वन विभाग ने इस जड़ी के दोहन के लिए वन पंचायतों को अधिकृत किया है लेकिन सरकारी चैनल के जरिए मनमाफिक दाम न मिलने से ग्रामीण तस्करों के हाथों माल बेचने को तरजीह देते हैं। वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक दशोली प्रखंड के बुग्याली क्षेत्रों में कीड़ा जड़ी तलाशने वाले ग्रामीणों के आगे एक तस्कर ने जिंदा कीड़ों को ढूंढ निकालने पर ऊंचे दामों की पेशकश की है। एक तस्कर को बुग्यालों में आइस बॉक्स लेकर घूमते देखा जा रहा है। बताते हैं कि आइस बॉक्स में रखकर जिंदा कीड़ों को चीन सहित अन्य देशों में ले जाया जा रहा है। कैसे बनती है कीड़ा जड़ी साल के ज्यादातर दिनों में बर्फ से ढके क्षेत्रों में तीन से चार हजार मीटर की ऊंचाई पर एक भूमिगत कीड़ा पनपता है। मई माह में इन क्षेत्रों में जब बर्फ पिघल जाती है तो यह कीड़ा मर जाता है और इसके लार्वा से एक जड़ी बनती है। यह जड़ी करीब डेढ़ माह तक जमीन के बाहर सूखी जड़ की तरह दिखती है। कहां पाई जाती है चमोली जनपद में जोशीमठ का नीति और माणा घाटी, तपोवन, करछौं, उर्गम, पाणा-ईराणी, झींझी, घुनी, रामणी, देवाल, वाण, कनौल आदि ऊंचाई वाले क्षेत्र। स्थानीय ग्रामीण मई और जून में इन स्थानों में बाकायदा कैंप कर कीड़ा जड़ी की खोज करते हैं। अतिरिक्त ऊर्जा बढ़ाती है कीड़ा-जड़ी कीड़ा-जड़ी का वानस्पतिक नाम यारसागंबू है। यह शक्तिवर्द्धक जड़ी है। इसका उपयोग चीन में शरीर में अतिरिक्त ऊर्जा पैदा करने के लिए किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों है कीमत एक किलो कीड़ा जड़ी की कीमत एक करोड़ तक देने के लिए चीन और नेपाल के व्यापारी तैयार रहते हैं। पिछले दिनों मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने गोपेश्वर-गैरसैंण के दौरे पर पर्वतीय इलाके में कीड़ा जड़ी के सदुपयोग और विपणन की सरकारी व्यवस्था करने की बात कही थी। इससे उम्मीद बंधी थी कि अब कीड़ा जड़ी की तस्करी पर रोक लग पाएगी। -कीड़े का जब लार्वा पीरियड होता है तो उसी दौरान यह किसी जड़ी पर अटैक कर उससे भोजन ग्रहण करता है। इसके बाद वहां बर्फ पड़ जाती है, जिससे कीड़ा वहीं दब जाता है। जब बर्फ पिघल जाती है तो यह कीड़ा मरकर जड़ी के रूप में जमीन से बाहर निकल जाता है। चीन में कीड़ा जड़ी का कृषिकरण हो रहा है। हो सकता है किसी रिसर्च के लिए जिंदा कीड़ा ले जाया जा रहा हो। -डीके सिंह, डीएफओ, केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग, गोपेश्वर -बुग्यालों में पनपने वाले इन कीड़ों को लैब में विकसित किया जा सकता है। लैब में इस कीड़े पर शोध करके भविष्य में इस बेशकीमती जड़ी को उत्पन्न किया जा सकता है। -डॉ. आरसी सुंदरियाल, निदेशक, जड़ी-बूटी शोध एवं विकास संस्थान -कीड़ा जड़ी को लाइफ चिप भी कहा जाता है। यह एक शक्तिवर्धक जड़ी है। इसका उपयोग सिर्फ पाउडर बनाकर किया जाता है। विदेशों में इस पाउडर को कैप्सूल में डालकर प्रयोग में लाया जाता है। यह कैप्सूल दूध, हनी और एल्कोलिक डेवरेज के साथ अलग-अलग रोगों के लिए अलग-अलग ढंग से प्रयोग में लाई जाती है। यह कैप्सूल सैक्सुअल ताकत, सुंदरता बढ़ाने और शरीर को तेज प्रदान करती है। डॉ. बीपी भट्ट, प्रवक्ता, वनस्पति विज्ञान, पीजी कॉलेज, गोपेश्वर। |
संगमा का समर्थन करेगी भाजपा
राष्ट्रपति चुनाव की उम्मीदवारी पर
भाजपा ने पीए संगमा को समर्थन देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही पिछले कुछ
दिनों से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार
को लेकर चल रही हलचल थम गई।
भाजपा की वरिष्ठ नेता व लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा की ओर से राष्ट्रपति पद पर उम्मीदवारी के लिए पीए संगमा को समर्थन दिए जाने की औपचारिक घोषणा की। सुषमा ने बताया कि एनडीए में मतभेद के बावजूद राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा पीए संगमा का समर्थन करेगी। जनता दल (यूनाइटेड) और शिवसेना राष्ट्रपति चुनाव के यूपीए प्रत्याशी प्रणब मुखर्जी के खिलाफ किसी उम्मीदवार को उतारने के पक्ष में नहीं हैं। ये दोनों दल आम राय से राष्ट्रपति बनाने का मत रखते हैं। उल्लेखनीय है कि पीए संगमा को पहले ही बीजू जनता दल और अन्नाद्रमुक अपना प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। सुषमा के मुताबिक राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा ने फैसला किया है कि वह प्रणब मुखर्जी के खिलाफ पीए संगमा का समर्थन करेगी। इस फैसले में अकाली दल हमारे साथ हैं। |
Subscribe to:
Posts (Atom)